पटना के पॉश इलाके में खूनी खेल: लोयला स्कूल के पास रेस्टोरेंट में फायरिंग, चाय वाले की बहादुरी से पकड़ा गया हमलावर

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार की राजधानी पटना का सबसे सुरक्षित माना जाने वाला इलाका मंगलवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा उठा। पाटलिपुत्र इंडस्ट्रियल एरिया स्थित लोयला स्कूल के समीप एक बिल्डिंग में चल रहे रेस्टोरेंट में एक अपराधी ने सरेआम हत्या की कोशिश की। हालांकि, किस्मत अच्छी थी कि निशाना चूक गया और मौके पर मौजूद लोगों की जांबाजी के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई।

दहशत का वो मंजर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के वक्त अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी।अपराधी भागने की फिराक में था, लेकिन वहां मौजूद भीड़ ने उसे घेर लिया। इसी बीच पास के एक चाय दुकानदार ने साहस दिखाते हुए अपराधी से पिस्तौल और देसी कट्टा छीन लिया। गुस्साए लोगों ने अपराधी की जमकर धुनाई की और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

बदले की आग या पैसों का विवाद?
सिटी पोस्ट लाइव से बातचीत के दौरान अपराधी ने चौंकाने वाले खुलासे किए। जब उससे पूछा गया कि उसने यह कदम क्यों उठाया, तो उसने कहा, “उसने बहुत से लोगों को बर्बाद किया है, रेंट ले ले कर फसा देता है। ये मेरा 10 लाख रुपया फसा दिया है रेंट पे लिए थे दुकान इसका।” अपराधी के वक्तव्यों के अनुसार ये मामला पैसों के लेनदेन का हो सकता है।

दो हथियारों के साथ आया था शूटर
पुलिस ने आरोपी के पास से दो हथियार बरामद किए हैं, जिसमें एक पिस्तौल और एक देसी कट्टा शामिल है। पीड़ित ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि हमलावर ने पहले गन के बट (पीछे का हिस्सा) से वार करने की कोशिश की। जब बचाव किया गया, तो उसने एक बन्दूक निकाली। पहली कोशिश में बंदूक जाम हो गई और नहीं चली, जिसके बाद अपराधी ने दूसरा हथियार निकालकर गोली चलाई, जो पीड़ित के पास से गुजर गई। पीड़ित का कहना है कि उस पर पहले भी हमला हो चुका है।

सुरक्षा पर बड़ा सवाल
यह घटना जिस जगह हुई, वह पटना के सबसे महत्वपूर्ण इलाकों में से एक है। घटनास्थल के ठीक बगल में लोयला स्कूल और नोट्रे डेम एकेडमी जैसे प्रतिष्ठित स्कूल हैं, जबकि कुछ ही दूरी पर P&M मॉल स्थित है। इंडस्ट्रियल एरिया होने के कारण यहाँ हमेशा चहल-पहल रहती है। ऐसे वीआईपी जोन में दो-दो हथियारों के साथ अपराधी का पहुंचना पुलिसिया गश्त पर गंभीर सवालिया निशान खड़े करता है।

Share This Article