सिटी पोस्ट लाइव
भागलपुर। जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र के परशुरामपुर पंचायत के चौखंडी गांव में मंगलवार की सुबह एक वृद्ध व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि वृद्ध की हत्या की गई है। मृतक का शव घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर पड़ा मिला। उसकी नाक से खून बह रहा था और पास में उल्टी के निशान भी थे, जिससे संदेह और गहरा गया है।

मृतक की पहचान 80 वर्षीय मुन्नी मंडल के रूप में हुई है, जो खेती-किसानी के साथ झाड़-फूंक का भी कार्य करता था। उनका बड़ा परिवार था, जिसमें चार बेटे और पांच बेटियां शामिल हैं। मृतक के बड़े बेटे ने पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनके पिता को लगातार धमकियां दी जा रही थीं, लेकिन परिवार ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने बताया कि पड़ोसियों का एक मोटर पंप चोरी हुआ था, जिसका आरोप उनके पिता पर लगाया गया था और उन्हें देख लेने की धमकी दी गई थी।

घटना की जानकारी मिलते ही पीरपैंती थाना प्रभारी नीरज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही एफएसएल की टीम ने भी साक्ष्य जुटाने के लिए जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने थाना प्रभारी से न्याय की मांग की है। वहीं, इस घटना के बाद घर में कोहराम मच गया है और गांव में तनाव का माहौल है। मंगलवार देर शाम डीएसपी अर्जुन प्रसाद गुप्ता ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।