सिटी पोस्ट लाइव
बिहार पुलिस ने डिजिटल इंडिया की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सिटीजन सर्विस पोर्टल ऐप लॉन्च किया है। इस नए डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अब बिहार की जनता घर बैठे अपनी शिकायतें पुलिस तक पहुंचा सकेंगी और खोयापाया से जुड़ी जानकारी भी प्राप्त कर पाएगी। इस ऐप का उद्घाटन बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने किया, जो पुलिस मुख्यालय में समीक्षा बैठक के दौरान मौजूद थे।

गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने इस ऐप के लॉन्च के अवसर पर कहा, “यह ऐप नागरिकों और पुलिस के बीच की दूरी को कम करेगा और पारदर्शिता को बढ़ावा देगा। अब लोग आसानी से अपने मोबाइल फोन से शिकायत दर्ज कर सकेंगे और पुलिस उसे समय पर कार्रवाई के लिए भेजेगी। इससे पुलिसिंग प्रणाली में त्वरित सुधार आएगा और जनता को बेहतर सेवा मिलेगी।”
इसके अलावा, इस पोर्टल के माध्यम से खोयापाया संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। यानी अगर किसी नागरिक का कोई सामान खो जाता है या पाया जाता है, तो वह इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से आसानी से सूचित कर सकता है। इससे ना सिर्फ जनता की समस्याओं का समाधान होगा, बल्कि पुलिस के लिए भी ये एक सुविधा जनक कदम होगा, जो कामकाजी प्रक्रिया को सुगम बनाएगा।

लॉन्चिंग के बाद गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने पुलिस मुख्यालय का दौरा किया, जहां उन्होंने DGP और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। इस बैठक में राज्य की कानूनव्यवस्था, अपराध नियंत्रण, और डिजिटल सिस्टम को सशक्त बनाने पर चर्चा की गई। सम्राट चौधरी ने राज्य में अपराधों की रोकथाम और पुलिसिंग के सिस्टम को और बेहतर बनाने के लिए एक समग्र योजना बनाई।
बिहार पुलिस का यह डिजिटल कदम राज्य में स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। इस ऐप के माध्यम से बिहार पुलिस ने अपनी कार्यक्षमता और पारदर्शिता को बेहतर बनाने का लक्ष्य रखा है, जिससे आम लोग भी पुलिस से जुड़ी सेवाओं का लाभ ज्यादा आसानी से उठा सकें।