सिटी पोस्ट लाइव
पटना: पिपलावा थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में लाश बरामद हुई है। शव स्थानीय मछली पालन तालाब से मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मृतक की पहचान बरखुरदार चक निवासी 30 वर्षीय मोहित कुमार के रूप में हुई है। मोहित का परिवार 7 फरवरी को कुंभ स्नान के लिए गया था। 8 फरवरी को जब वे वापस लौटे, तो मोहित घर पर नहीं मिला।
आसपास तलाश करने और लोगों से पूछताछ करने के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिवार ने 9 फरवरी को पिपलावा थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। 10 फरवरी को एक स्थानीय व्यक्ति ने तालाब में शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। लाश की पहचान मोहित कुमार के रूप में हुई।
मृतक खेती-किसानी करता था। उसके भाई रोशन कुमार ने दावा किया है कि किसी दोस्त ने उसे बुलाकर उसकी हत्या कर दी। पिपलावा थाना प्रभारी रवि रंजन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हर पहलू पर बारीकी से पड़ताल की जा रही है।