पंजाब-चंडीगढ़ में बम का अलर्ट: स्कूलों और सरकारी इमारतों को उड़ाने की धमकी, CM भगवंत मान और केजरीवाल भी निशाने पर!..

Ritu Raj

पंजाब में एक बार फिर बम धमाकों की धमकी से हड़कंप मच गया है। सोमवार को चंडीगढ़ और जालंधर के कई स्कूलों और सरकारी इमारतों को ईमेल के जरिए उड़ाने की धमकी दी गई। यह मामला पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर हुए हालिया ब्लास्ट के कुछ ही दिनों बाद सामने आया है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां और ज्यादा सतर्क हो गई हैं।

जानकारी के मुताबिक, सुबह के समय जालंधर के डीपीएस, मेयर वर्ल्ड स्कूल और एमजीएन स्कूल सहित कई शिक्षण संस्थानों को धमकी भरे ईमेल भेजे गए। वहीं चंडीगढ़ के सेक्टर-41, 32, 47 और 45 के स्कूलों के साथ-साथ कुछ सरकारी दफ्तरों को भी इसी तरह के संदेश मिले। ईमेल में अलग-अलग स्थानों पर बम धमाके करने की बात कही गई है। धमकी मिलते ही पुलिस और प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गए। स्कूलों में बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉयड की मदद से सघन तलाशी अभियान चलाया गया। एहतियात के तौर पर कुछ जगहों पर कामकाज भी रोक दिया गया, जैसे फिरोजपुर कोर्ट कॉम्प्लेक्स को खाली कराकर जांच की गई। हालांकि शुरुआती जांच में कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

ईमेल में पंजाब विश्वविद्यालय के गांधी भवन में रात 9:11 बजे ग्रेनेड हमले की धमकी का भी जिक्र किया गया है। साथ ही संदेश में खुद को ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ से जुड़ा बताया गया है, जिसके चलते मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। धमकी में कई प्रमुख नेताओं को भी निशाना बनाने की बात कही गई है, जिनमें मुख्यमंत्री भगवंत मान, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी,आप प्रमुख अरविन्द केजरीवाल और डीजीपी गौरव यादव शामिल हैं। इसके अलावा अमृतसर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की भी धमकी दी गई है। फिलहाल पुलिस और साइबर सेल ईमेल भेजने वाले का पता लगाने में जुटी है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Share This Article