सिटी पोस्ट लाइव
राजधानी के प्रतिष्ठित बीएन कॉलेज (बिहार नेशनल कॉलेज) के हॉस्टल से सोमवार रात एक बड़ी घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, कॉलेज हॉस्टल में दो छात्र गुटों के बीच किसी पुरानी रंजिश को लेकर जमकर मारपीट और बमबाजी हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया जब दोनों गुट आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर चलाने लगे। देखते ही देखते बमबाजी भी शुरू हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हिंसक झड़प में एक छात्र के घायल होने की खबर है, जिसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में लिया। हालात की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर बुलाया गया है। हॉस्टल और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
फिलहाल पुलिस दोनों गुट के छात्रों की पहचान करने में जुटी हुई है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद कॉलेज प्रशासन भी सकते में है और उच्च अधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और छात्रों के परिजन भी स्थिति को लेकर चिंतित हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है