BPSC शिक्षक ने आठवीं की छात्रा से की छेड़खानी, भागलपुर में गुरु-शिष्य का रिश्ता शर्मसार

ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक को पहले बंधक बनाकर पीटा फिर किया पुलिस को सौंपा

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

भागलपुर। बिहार के शिल्क सिटी भागलपुर के करहरिया से एक शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आयी है। गोराडीह प्रखंड स्थित गंगा करहरिया स्थित आदर्श मध्य विद्यालय में एक BPSC शिक्षक ने गुरु-शिष्य के रिश्ते को तार-तार कर दिया है। यहां एक BPSC शिक्षक पर आठवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ स्कूल के बाथरूम में छेड़खानी का आरोप लगा है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

बताया जा रहा है कि BPSC शिक्षक तरुण कुमार को स्कूल के बाथरूम में छात्रा के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया है। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक को बंधक बना लिया और उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद आरोपी BPSC शिक्षक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। बता दें कि BPSC शिक्षक तरुण कुमार गोराडीह प्रखंड स्थित गंगा करहरिया स्थित आदर्श मध्य विद्यालय में गिणत और विज्ञान के शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं।

कैसे खुला मामला

स्कूल के बाथरूम में छात्रा के साथ BPSC शिक्षक तरुण कुमार को आपत्तीजनक स्थिति में पकड़ा गया। स्कूल के ही एक अन्य शिक्षक ने जब यह देखा तो उसने तुरंत स्कूल स्टाफ और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। देखते ही देखते स्कूल परिसर में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और जमकर हंगामा किया। इसके साथ ही आक्रोशित ग्रामिणों ने शिक्षक तरुण कुमार को बंधक बनाकर पिटाई शुरू कर दी।

शिक्षक के शर्मनाक बयान पर फूटा ग्रामिणों का गुस्सा

मामले के खुलासे के बाद पत्रकारों के सवाल पर आरोपी BPSC शिक्षक तरुण कुमार ने हैरान करने वाला बयान दिया है। उसने मीडिया को बताया कि वह छात्रा से प्रेम करता है और उसके अभिभावकों से भी बात करना चाहा था। लेकिन किसी कारण से बात नही हो पाई। वहीं शिक्षक के इस हरकत पर ग्रामीणों का आक्रोश चरम पर पहुंच गया। ग्रामीणों ने कहा कि यहां कोई मैरेज ब्यूरो नहीं खोला गया है। शिक्षा के मन्दिर में शिक्षक ने गलत हरकत की है।

मैं उस छात्रा से प्रेम करता हूं और उसके अभिभावकों से बात करना चाहता था, लेकिन बात नहीं हो पाई। मैं 30 साल का अविवाहित युवक हूं। मेरा घर साहिबगंज है। लोगों ने मामले को बढ़ा-चढ़ा कर बताया है।

तरुण कुमार, आरोपी शिक्षक

बोले ग्रामीण – रसूख का धौंस दिखाता है तरुण

ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी एक छात्र ने जब इस प्रेम-प्रसंग को उजागर करने की बात कही थी तो शिक्षक तरुण कुमार ने डस्टर से मारकर उस छात्र का सिर सिर्फ फोड़ दिया था। जब ग्रामीणों ने शिक्षक तरुण कुमार को समझाने की कोशिश की तो उसने अपनी पहुंच-पैरवी और रसूख का धौंस दिखाते हुए ग्रामीणों को चुप करा दिया था।

छात्रा के बैग से मिला फोन

आक्रोशित ग्रामीणों ने शिक्षक तरुण कुमार को बंधक बनाकर पहले तो जमकर पिटाई की फिर पुलिस को सौंप दिया। वहीं छात्रा के बैग की तलाशी के दौरान एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि यह फोन आरोपी शिक्षक ने ही छात्रा को दिया था। इससे मामला और भी गंभीर हो गया है, जिससे यह संदेह गहराता है कि घटना सिर्फ छेड़खानी तक सीमित नहीं हो सकती।

मामले में डीएसपी विधि व्यवस्था ने बताया कि बच्ची और उसके परिवार की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं करायी गयी है। परिजन की लिखित शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई की जाएगी। इधर, स्कूल के प्रिंसिपल ने प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी को आवेदन देकर स्थिति से अवगत कराया। बीईओ ने वरीय अधिकारियों से कार्रवाई की अनुशंसा की है।

Share This Article