थाने में महिलाओं का हंगामा, आरोप — ‘पैसे दिए, फिर भी इंसाफ नहीं मिला!’
सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के सारण जिले के मढ़ौरा थाना परिसर में गुरुवार को उस समय तनाव फैल गया, जब ताल पुरैना और मिजापुर गांव की करीब दो दर्जन महिलाएं थाना पहुँच कर विरोध प्रदर्शन करने लगीं। आरोप है कि पुलिस ने पैसे लेकर सिर्फ एक पक्ष का मामला दर्ज किया, जबकि पीड़िता रिंकी देवी की शिकायत को नज़रअंदाज़ कर दिया गया।
पीड़िता रिंकी देवी के मुताबिक, 17 मई की रात करीब 9 बजे उनके पड़ोसियों ने उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद दोनों पक्षों ने आवेदन मढ़ौरा थाना में दिया, और जांच की जिम्मेदारी जमादार शत्रुघ्न सिंह को सौंपी गई। लेकिन पुलिस ने सिर्फ दूसरे पक्ष की एफआईआर दर्ज की, जिससे रिंकी देवी ने थाने में महिलाओं के साथ प्रदर्शन कर नारेबाज़ी शुरू कर दी। लगातार अनदेखी से नाराज़ महिलाओं ने कहा कि पुलिस ने पैसे लेकर एकतरफा कार्रवाई की, और सामाजिक न्याय की उपेक्षा की जा रही है। दबाव बढ़ने के बाद पुलिस ने तीसरी बार रिंकी देवी का आवेदन लिया, और अब केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।