पटना में ठंड का असर! 8वीं तक के स्कूलों का समय बदला, अब देर से लगेंगे क्लास…

Ritu Raj

उत्तर भारत में बढ़ती ठंड का असर बिहार तक साफ दिखाई देने लगा है, जहाँ दिसंबर के दूसरे सप्ताह में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। खासकर सुबह के समय कड़ाके की सर्दी को देखते हुए पटना प्रशासन ने 8वीं तक के छात्रों को राहत देने के लिए स्कूलों के समय में बदलाव का फैसला लिया है, ताकि बच्चे अत्यधिक ठंड में स्कूल जाने से बच सकें।

पटना में बढ़ती सर्दी को देखते हुए जिला प्रशासन ने प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों और सभी सरकारी-निजी स्कूलों में 8वीं तक के बच्चों के लिए स्कूल टाइमिंग बदल दिया है। अब कक्षाएँ सुबह 8:30 बजे शुरू होकर शाम 4:00 बजे तक चलेंगी। नया शेड्यूल गुरुवार, 11 दिसंबर से प्रभावी हो गया है और फिलहाल 18 दिसंबर तक लागू रहेगा। वहीं, जारी नोटिफिकेशन में प्रशासन ने कहा कि कड़ाके की ठंड और न्यून तापमान बच्चों के स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है, इसलिए अस्थायी रूप से स्कूल समय में बदलाव किया गया है। एक्स पोस्ट पर जिला प्रशासन ने लिखा, “अत्यधिक ठंड को ध्यान में रखते हुए 11.12.2025 से 18.12.2025 तक जिले के सभी निजी और सरकारी विद्यालयों में वर्ग 8 तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियाँ सुबह 08:30 से शाम 04:00 बजे के बीच ही संचालित होंगी।” राज्य में ठंड लगातार बढ़ रही है। सुबह-शाम तापमान में गिरावट के कारण लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है। पटना समेत बिहार के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 9 से 14 डिग्री तक दर्ज किया गया है, जबकि अधिकतम तापमान औसतन 24 से 28 डिग्री के बीच बना हुआ है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बिहार के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक घना कोहरा और शीतलहर जैसे हालात बने रह सकते हैं। पटना, पश्चिमी व पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, भागलपुर, खगड़िया, औरंगाबाद और जमुई में देर रात से लेकर सुबह तक दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना है। वहीं अरवल, जहानाबाद, गया, रोहतास और कैमूर में तापमान तेजी से नीचे गिरने की आशंका जताई गई है, जहां न्यूनतम पारा 8 से 10 डिग्री तक पहुंच सकता है। विभाग ने लोगों से सुबह-शाम यात्रा के दौरान सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।

Share This Article