सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में लगातार बढ़ रहे अपराधों और मतदाता सूची में संभावित गड़बड़ियों को लेकर बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावारु ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी जनता के असल मुद्दों को छोड़कर चुनाव चोरी करने में लगी है।
पत्रकारों से बात करते हुए अल्लावारु ने कहा, “बिहार में जनता के मुद्दों को छोड़ दिया गया है। बीजेपी ने यहां चुनाव चोरी करने के लिए चुनाव आयोग द्वारा स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन लाया है।” उन्होंने आगे कहा कि अपराधों को छिपाने और अपने गुनाहों को ढँकने के लिए भी ये चुनाव चोरी करने का काम कर रहे हैं। अल्लावारु ने जोर देकर कहा कि इंडिया गठबंधन इन मुद्दों पर “सड़क पर जनता की आवाज बनकर संघर्ष करेगा।”
राहुल गांधी के बिहार को “क्राइम कैपिटल” बताए जाने के सवाल पर अल्लावारु ने सहमति जताई। उन्होंने कहा, “बिहार में गुंडाराज चल रहा है। ये भारत का क्राइम कैपिटल बन गया है। यह तब से हुआ जब से नीतीश जी अस्वस्थ हुए हैं और बिहार की सरकार दिल्ली से बीजेपी चला रही है।”
मतदाता सूची से 35 लाख नाम काटे जाने की आशंका के बारे में पूछे जाने पर, अल्लावारु ने चुनाव आयोग पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग जनता का चुनाव आयोग नहीं रहा, बीजेपी का चुनाव आयोग रह गया है।” उन्होंने चुनाव आयोग को खुली चुनौती देते हुए कहा, “जितने वो वोटर एनरोलमेंट की बात कर रहे हैं, रसीद दिखा दें। अगर दिखा दिया तो हम मान जाएंगे।”
कृष्णा अल्लावारु के इन बयानों से स्पष्ट है कि कांग्रेस बिहार में अपराध और चुनावी प्रक्रिया में कथित हेरफेर के मुद्दों को जोर-शोर से उठा रही है, और आने वाले समय में इन पर राजनीतिक गरमाहट बढ़ने की संभावना है।