शक ने छीना जीवन, कुल्हाड़ी से पत्नी की हत्या कर लाश के पास रातभर बैठा रहा पति

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

बगहा। बिहार के बगहा जिले में रिश्तों का एक खौफनाक चेहरा सामने आया है, जहां शक ने प्यार की जगह ले ली और अंत हुआ एक दर्दनाक हत्या के साथ। धनहा थाना क्षेत्र के देवीपुर गांव में एक पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से गला रेतकर हत्या कर दी। हैरान करने वाली बात यह रही कि हत्या के बाद आरोपी ने भागने के बजाय पूरी रात खून से सनी लाश के पास बैठकर गुजारी।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

शक की धार से टूटा दो दशक पुराना रिश्ता

2005 में शादी के बंधन में बंधे इस दंपति के तीन बच्चे हैं। स्थानीय लोगों और महिला के भाई के अनुसार, पति शराब के नशे में अक्सर पत्नी पर अवैध संबंधों का आरोप लगाता था। रविवार रात को उसने वह सीमा पार कर दी जिसकी किसी को कल्पना नहीं थी।

सुबह हुआ खुलासा, शव के पास बैठा मिला पति

सुबह जब घर में कोई हलचल नहीं दिखी तो पड़ोसियों ने जाकर देखा, तो वहां का नज़ारा रोंगटे खड़े कर देने वाला था। महिला खून से लथपथ मृत पड़ी थी और उसका पति शांत भाव से लाश के पास बैठा था। उसके कपड़े और हाथ खून में सने थे, चेहरा पूरी तरह भावहीन।

परिवार का आरोप – कई बार की थी शिकायत, किसी ने नहीं सुनी

मृतका के भाई ने बताया कि उसका जीजा अक्सर शराब पीकर बहन से मारपीट करता था। एक बार केस भी दर्ज हुआ, लेकिन समाजिक पंचायत के जरिए मामला रफा-दफा हो गया। बहन ने कभी बच्चों के खातिर पति की शिकायत नहीं की, हमेशा यही सोचती रही कि एक दिन सब ठीक हो जाएगा। मगर वह दिन कभी नहीं आया।

जांच में जुटी पुलिस, हथियार जब्त

धनहा थाना प्रभारी धर्मवीर भारती ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार मामला आपसी शक और घरेलू विवाद से जुड़ा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत पूछताछ के बाद घटना की पूरी तस्वीर सामने आएगी।

Share This Article