सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के भागलपुर जिले के लोदीपुर थाना क्षेत्र के बिशनपुर जीछो गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 22 वर्षीय नवविवाहिता रमा कुमारी की उसके ससुरालवालों ने दहेज के लिए लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। रमा की महज 6 महीने की एक बेटी है, जो अब मां के बिना अनाथ हो गई है।
रमा की शादी वर्ष 2023 में जाहिन्द्र यादव से हुई थी, जो प्रकाश यादव का बेटा है। शादी के समय रमा के पिता और भाई ने ₹2 लाख नकद दहेज दिया था। लेकिन कुछ ही महीनों बाद जब रमा ने बेटी को जन्म दिया, तो ससुरालवालों ने ₹5 लाख और एक मोटरसाइकिल की मांग करनी शुरू कर दी। बेटी के जन्म को लेकर भी रमा को ताने दिए जाने लगे और उसकी प्रताड़ना बढ़ती गई। हत्या से पहले रमा ने भाई को किया था आखिरी कॉल रमा के भाई गृह कंचन कुमार ने बताया कि घटना से ठीक पहले रमा ने उन्हें फोन कर कहा, “भैया, ये लोग मुझे मिलकर लाठी-डंडे से मार रहे हैं। अब मैं नहीं बचूंगी।”
कुछ देर बाद ससुरालवालों की ओर से फोन आया कि रमा की तबीयत बिगड़ गई है। जब मायकेवाले पहुंचे, तो रमा आंगन में मृत पड़ी थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के मायके वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। रमा तीन बहनों और एक भाई में दूसरे नंबर पर थी।
भाई की पीड़ा “मेरी बहन के कातिलों को फांसी दो” रमा के भाई गृह कंचन कुमार ने कहा, “जब मेरी बहन ही नहीं रही तो उस बच्ची को भी नहीं रखूंगा। मुझे सिर्फ न्याय चाहिए। मेरी बहन के हत्यारों को फांसी दी जाए, तभी हमारे दिल को शांति मिलेगी।”
यह दहेज हत्या का एक और शर्मनाक उदाहरण है, जो यह दिखाता है कि आज भी समाज में बेटियों की जिंदगी दहेज की कीमत पर तौल दी जाती है। अब देखना होगा कि पुलिस आरोपियों को कब तक पकड़ पाती है और रमा को न्याय दिला पाती है या नहीं।