सिटी पोस्ट लाइव
ग्रेटर नोएडा में दहेज के लिए पत्नी निक्की की हत्या के आरोपी विपिन भाटी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, विपिन शनिवार को क्राइम सीन पर ले जाते समय हिरासत से भागने की कोशिश कर रहा था और उसने एक पुलिसकर्मी की पिस्तौल भी छीन ली थी।
यह घटना सिरसा चौराहे के पास हुई। पुलिस ने बताया कि वे विपिन को उस जगह ले गए थे जहां उसने कथित तौर पर ज्वलनशील पदार्थ की बोतलें फेंकी थीं। इसी दौरान, विपिन ने एक इंस्पेक्टर की पिस्तौल छीनी और भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस की चेतावनी के बावजूद जब वह नहीं रुका, तो आत्मरक्षा में गोली चलाई गई, जो उसके पैर में लगी। गोली लगने के बाद विपिन को पकड़कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जब पत्रकारों ने विपिन से पूछा कि क्या उसे अपनी पत्नी की मौत का कोई पछतावा है, तो उसने निर्लज्जता से कहा, “मुझे कोई पछतावा नहीं है। मैंने उसे नहीं मारा। वह खुद मरी है।” विपिन ने यह भी कहा कि पति-पत्नी के बीच झगड़े आम बात हैं।
निक्की के पिता ने इस पुलिस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि पुलिस ने सही कदम उठाया है। उन्होंने कहा, “एक अपराधी हमेशा भागने की कोशिश करता है, और विपिन एक अपराधी था। हमारी मांग है कि बाकी आरोपियों को भी जल्द से जल्द पकड़ा जाए।” उन्होंने पहले ही मांग की थी कि आरोपियों का “एनकाउंटर” किया जाए और उन्हें फांसी दी जाए।
पुलिस और पीड़ित परिवार का बयान
ग्रेटर नोएडा के अतिरिक्त उपायुक्त (ADCP) सुधीर कुमार ने बताया कि आरोपी को उन ज्वलनशील तरल पदार्थों की बोतलों को बरामद करने के लिए लाया गया था, जिनका इस्तेमाल उसने निक्की को आग लगाने के लिए किया था। उन्होंने कहा, “जब हमने बोतलें बरामद कर लीं, तभी उसने इंस्पेक्टर की पिस्तौल छीन ली और भागने की कोशिश की। जब पुलिस ने उसे घेरा तो उसने हम पर भी गोली चलाने की कोशिश की। आत्मरक्षा में पुलिस ने गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी।” पुलिस ने थिनर की बोतलें बरामद कर ली हैं, जिसका इस्तेमाल महिला को जलाने में किया गया था।
निक्की के पिता ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी होने के बावजूद, विपिन और उसके परिवार ने उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया। उन्होंने बताया कि पहले दहेज में स्कॉर्पियो कार और फिर बुलेट बाइक दी गई थी, लेकिन फिर भी वे उनकी बेटी को परेशान करते रहे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि निक्की के पिता द्वारा हाल ही में खरीदी गई मर्सिडीज कार भी विपिन की लालची नजरों में थी।
निक्की की हत्या उसके छोटे बेटे और बहन के सामने की गई थी। निक्की के छह साल के बेटे ने बताया, “उन्होंने मम्मी के ऊपर कुछ डाला, फिर उनको थप्पड़ मारा और फिर लाइटर से आग लगा दी।”