सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के बेगूसराय जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब पीने से मना करने पर एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। यह दर्दनाक घटना बखरी थाना क्षेत्र के चक्की गांव में हुई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। मृतक महिला की पहचान अमृता कुमारी, पत्नी विक्रम कुमार (निवासी – चक्की गांव) के रूप में हुई है। मृतका के चाचा शत्रुघ्न सदा ने बताया कि दो साल पहले अमृता की शादी धूमधाम से विक्रम के साथ की गई थी। लेकिन शादी के बाद से ही विक्रम की शराब की लत ने उनके वैवाहिक जीवन में ज़हर घोल दिया।
शराब पीकर घर आने पर अमृता अक्सर विरोध करती थी, जिससे दोनों के बीच तनाव बना रहता था। परिजनों द्वारा कई बार समझाने के बावजूद विक्रम ने शराब पीना नहीं छोड़ा। वारदात वाले दिन विक्रम शराब के नशे में घर लौटा। अमृता के विरोध करने पर उसने पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की, और फिर गला दबाकर हत्या कर दी। शुरू में लोगों को गुमराह करने के लिए यह अफवाह फैलाई गई कि अमृता को सांप ने काट लिया। लेकिन जब परिजन मौके पर पहुंचे तो अमृता मृत अवस्था में पाई गई और शरीर पर कई चोटों के निशान भी मौजूद थे, एक कान से खून भी बह रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही बखरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। आरोपी पति विक्रम कुमार फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पूरी पुष्टि होगी। यह घटना न केवल घरेलू हिंसा की भयानक तस्वीर पेश करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि शराब की लत किस कदर रिश्तों को बर्बाद कर रही है। बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद ऐसी घटनाएं यह साबित करती हैं कि व्यवस्था में गंभीर खामियां हैं।