सिटी पोस्ट लाइव
पटना। राबड़ी देवी, तेजप्रताप यादव के बाद अब ईडी ने आज लालू प्रसाद यादव को पूछताछ के लिए बुलाया है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ईडी दफ्तर के लिए रवाना हो चुके हैं, जहां लैंड फॉर जॉब घोटाले में उनसे पूछताछ की जाएगी।
इससे पहले, कल ईडी ने उनकी पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और बड़े बेटे व पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव से घंटों तक पूछताछ की थी। एजेंसी के अधिकारियों ने दोनों से अलग-अलग कमरों में सवाल-जवाब किए। राबड़ी देवी और तेजप्रताप यादव को लंच के लिए ब्रेक दिया गया, इस दौरान उनकी बड़ी बेटी और राज्यसभा सांसद मीसा भारती ने मां और भाई के साथ खाना खाया और राबड़ी देवी को दवा भी दी।
ईडी कार्यालय के बाहर लालू यादव के समर्थक जमकर नारेबाजी कर रहे थे। पूछताछ के इस सिलसिले पर राजद नेता और एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने बयान दिया कि जब-जब लोकसभा और विधानसभा चुनाव नजदीक आते हैं, तब ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स जैसी एजेंसियां अचानक सक्रिय हो जाती हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता जिस तरह चुनाव में मेहनत नहीं कर पाते, वह काम ये एजेंसियां बखूबी करती हैं।