सिटी पोस्ट लाइव
राजधानी पटना के पटना सिटी क्षेत्र स्थित मालसलामी में मंगलवार को पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी विकास उर्फ राजा मारा गया। विकास का नाम कई संगीन मामलों में शामिल रहा है, जिसमें सबसे चर्चित विकास खेमका हत्याकांड भी शामिल है।
सूत्रों के अनुसार, विकास उर्फ राजा वही अपराधी था, जिससे उमेश यादव ने हथियार हासिल किया था। उसी हथियार का उपयोग खेमका हत्याकांड में किया गया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि विकास अपने गिरोह के सदस्यों के साथ मालसलामी इलाके में छिपा हुआ है। इस पर पुलिस ने इलाके को घेर लिया, जिसके बाद दोनों ओर से गोलियां चलने लगीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने विकास को मार गिराया।
घटना स्थल से पुलिस ने हथियार भी बरामद किया है और इलाके को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। मुठभेड़ के दौरान एक वीडियो भी सामने आया है, जो घटना के समय का बताया जा रहा है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विकास के साथ और कौन-कौन अपराधी जुड़े हुए थे। इस एनकाउंटर को राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।