शेरघाटी में फायर विभाग की महिला कर्मी ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

कमरे में पंखे से लटका मिला शव

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

शेरघाटी: गया जिले के शेरघाटी प्रखंड कार्यालय परिसर में फायर ब्रिगेड की एक महिला कर्मी ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान भागलपुर जिले के बसंतपुर गांव निवासी चंदन कुमार की 26 वर्षीय पत्नी, ज्योति कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस को शव कमरे में पंखे से लटका मिला, जिसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

जांच में जुटी पुलिस, सुसाइड की वजह अब तक अज्ञात

पुलिस ने मौके से तीन मोबाइल फोन, कपड़े और अन्य सामान जब्त किए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। हालांकि, अब तक आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि मृतका का पति चंदन बेरोजगार था और राजनीति से जुड़ा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही शेरघाटी थाना पुलिस और एएसपी शैलेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और कई पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है। सिटी एसपी रामानंद कुमार कौशल भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। फिलहाल, मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।

10 दिन पहले मिला था क्वार्टर, अकेली रह रही थी ज्योति

मृतका फायर ब्रिगेड कार्यालय से सटे क्वार्टर में अकेली रह रही थी, जिसे उसे 10 दिन पहले ही अलॉट किया गया था। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले ही उसका पति उससे मिलने आया था। ज्योति के दो बच्चे हैं— एक साढ़े तीन साल की बेटी, जो पिता के साथ रहती थी, और डेढ़ साल का बेटा, जिसे तीन दिन पहले ज्योति का पिता अपने साथ ले गया था।

इस तरह मिली आत्महत्या की जानकारी

सुबह जब ज्योति ड्यूटी के लिए उपस्थित नहीं हुई, तो एक सिपाही को उसके क्वार्टर भेजा गया। दरवाजा अंदर से बंद था और आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से झांककर देखने पर ज्योति को फंदे से लटका पाया गया। तुरंत फायर कर्मियों और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अब मृतका के परिवार, सहकर्मियों और पति से पूछताछ कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके।

Share This Article