पटना NEET छात्रा मौत मामला: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यौन हिंसा के संकेत, पुलिस की थ्योरी पर उठे गंभीर सवाल

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार की राजधानी पटना से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है, जहाँ NEET की तैयारी कर रही एक 18 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने अब एक नया और खौफनाक मोड़ ले लिया है। शुरुआती जांच में मामले को बीमारी और ‘नींद की गोलियों’ का मामला बताने वाली पटना पुलिस अब बैकफुट पर है। छात्रा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पुलिस के दावों को धता बताते हुए यौन हिंसा की आशंका की पुष्टि की है।

क्या है पूरा मामला?
यह घटना पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र की है। मृतका ‘शंभू गर्ल्स हॉस्टल’ में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की कोचिंग कर रही थी। कुछ दिनों पहले छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर उसे मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मौत के तुरंत बाद परिजनों ने हॉस्टल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि उनकी बेटी के साथ मारपीट और बलात्कार किया गया है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पुलिस की भूमिका और विवादास्पद बयान
हैरानी की बात यह है कि शुरुआत से ही पुलिस इस मामले में यौन उत्पीड़न की बात को सिरे से खारिज करती रही। पटना पूर्वी के एएसपी और बाद में एसएसपी ने मीडिया को दिए बयानों में कहा था कि छात्रा नींद की गोलियों की आदी थी और उसे मियादी बुखार (Typhoid) था। पुलिस की इस “क्विक थ्योरी” ने परिजनों के गुस्से को भड़का दिया, क्योंकि उनका आरोप था कि पुलिस बिना जांच के मामले को रफा-दफा करने की कोशिश कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला राज
छात्रा के शव के पोस्टमार्टम के बाद जो तथ्य सामने आए, उसने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि यौन हिंसा की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इस खुलासे के बाद परिजनों ने अस्पताल और पुलिस के खिलाफ जमकर हंगामा किया। भारी दबाव और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आखिरकार कार्रवाई करते हुए शंभू गर्ल्स हॉस्टल के मालिक मनीष कुमार रंजन को गिरफ्तार कर लिया है।

जांच का नया दायरा
अब पुलिस इस मामले को हर एंगल से देख रही है। हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राओं, मृतका के कॉल डिटेल्स और हॉस्टल मालिक की गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है। सवाल यह भी उठता है कि क्या पुलिस ने शुरुआत में किसी को बचाने के लिए “नींद की गोली” वाली कहानी गढ़ी थी?

Share This Article