नालंदा में साइबर ठगों का गिरोह बेनकाब, 4 गिरफ्तार, लाखों का सामान बरामद

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
नालंदा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए, कतरीसराय थाना क्षेत्र के परमानंदपुर गांव में लोन और सोलर पंप योजना के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर, डीएसपी राजगीर सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई छापेमारी में, चार शातिर ठगों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गौतम कुमार, राहुल कुमार, आलोक कुमार और मृत्युंजय कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से ठगी के कई महत्वपूर्ण उपकरण और नकदी बरामद की है, जिनमें 2 लैपटॉप, 10 मोबाइल फोन, 6 एटीएम कार्ड, 9 पासबुक और ₹1,00,100 नकद शामिल हैं। बरामद किए गए मोबाइल फोनों में फर्जी फाइनेंस संबंधी विज्ञापनों के पुख्ता साक्ष्य भी मिले हैं, जो यह दर्शाते हैं कि ये ठग लोगों को झांसा देने के लिए किस तरह के हथकंडे अपनाते थे।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से आलोक कुमार का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है, जबकि अन्य गिरफ्तार ठगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस इस पूरे साइबर ठगी के नेटवर्क की गहन जांच में जुट गई है, ताकि इसके पीछे छिपे बड़े नामों और अन्य सदस्यों का भी पर्दाफाश किया जा सके। इस कार्रवाई से साइबर अपराधों पर लगाम कसने की दिशा में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

Share This Article