बिहार के मौसम में अचानक बदलाव आया है। आज मंगलवार की सुबह बेगूसराय और जहानाबाद में बादल छाए रहे, जबकि नालंदा में धुंध का असर देखा गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए राज्य के कई हिस्सों में चेतावनी जारी की है।
प्रदेश के 20 जिलों में आज बारिश और बिजली गिरने (वज्रपात) की आशंका है। अगले 24 घंटों में 40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने और सुरक्षित ठिकानों पर शरण लेने की सलाह दी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस बदलाव के पीछे दो बड़े कारण हैं। सबसे पहले, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance): उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में सक्रिय होने के कारण मैदानी इलाकों के मौसम पर असर पड़ रहा है। दूसरा, बंगाल की खाड़ी और मन्नार की खाड़ी के पास बन रहे सिस्टम से नमी बढ़ रही है, जिससे बादल बन रहे हैं।
तापमान और आगामी स्थिति;
पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 34°C दर्ज किया गया। दरअसल, मौसम का यह मिजाज 11 मार्च की रात तक बना रहेगा। वहीं,12 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होगा, जिसके बाद आसमान साफ होगा और धूप निकलने से गर्मी बढ़ेगी।