सिटी पोस्ट लाइव
पटना : गंगा ब्रिज थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर रविवार को पासवान चौक के पास छापेमारी कर पुलिस ने लाखों की चोरी के मामले में फरार चल रहे चोर विवेक कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया।
मुख्यालय डीएसपी अबू जफर इमाम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि गिरफ्तार आरोपी चक धनौती गांव निवासी सतीश साहू का पुत्र विवेक कुमार साहू है। उसके पास से करीब दो लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं, जिनमें एक सोने का मंगटीका, एक जोड़ा झुमका, एक नथिया, एक चैन, तीन जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी बिछिया, एक जोड़ी बाला, और एक जोड़ी चांदी की चैन शामिल है।
यह मामला 14 अप्रैल को गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र के सादुल्लापुर वार्ड नंबर 5 में अमरजीत कुमार के मकान में चोरी से जुड़ा है। चोरों ने ताला तोड़कर 7 लाख रुपये नकद और जेवरात चोरी किए थे। इस मामले में अमरजीत कुमार ने गंगा ब्रिज थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पहले इस मामले में 24 अप्रैल को पुलिस ने विक्रम साहू और सुमन कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। विवेक कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पासवान चौक से उसे गिरफ्तार किया।
पूछताछ में विवेक ने खुलासा किया कि चोरी का सारा सामान उसने अपने घर के गोदरेज में छिपा कर रखा है। पुलिस ने उसके घर से सारे गहने बरामद कर लिए हैं। विवेक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर रविवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।