सिटी पोस्ट लाइव
गोपाल खेमका हत्याकांड मामले में गिरफ्तार शूटर उमेश और मास्टरमाइंड अशोक से पटना पुलिस ने रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस टीम दोनों से हत्याकांड के विभिन्न पहलुओं पर गहनता से पूछताछ कर रही है, जिससे इस हाई-प्रोफाइल मामले में कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।
उमेश और अशोक से पूछे जा रहे हैं ये सवाल
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शूटर उमेश से घटना के दिन मौके पर मौजूद अन्य लोगों और हत्याकांड में शामिल सह-साजिशकर्ताओं के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानना चाहती है कि जिस दिन गोपाल खेमका को गोली मारी गई थी, उस दिन उमेश के साथ और कौन-कौन लोग मौजूद थे।
वहीं, मास्टरमाइंड अशोक से उस जमीन विवाद के बारे में पूछताछ की जा रही है, जो गोपाल खेमका के साथ उसकी दुश्मनी की जड़ थी। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि इस पूरे मामले के पीछे और कौन-कौन से प्रभावशाली लोग शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, अशोक से यह भी पूछा जा रहा है कि शूटरों को गोली मारने के लिए जो पैसे दिए गए थे, वह उसने खुद दिए थे या किसी अन्य व्यक्ति ने उसे ये पैसे दिए थे।
पुलिस का मानना है कि इस पूछताछ के बाद हत्याकांड से जुड़े कई अहम कड़ियां जुड़ेंगी और मामले में शामिल सभी चेहरों का खुलासा हो सकेगा। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं, जिनकी पुष्टि के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।