सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल में बीते 30 घंटों से जारी आयकर विभाग (IT) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) की साझा छापेमारी ने इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है। शहर के नामचीन व्यवसायी और ‘हीरो एजेंसी’ व ‘तनिष्क शोरूम’ के मालिक मोहम्मद कलीम के ठिकानों पर हुई इस कार्रवाई को रक्सौल के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी रेड बताया जा रहा है।
छह महीने की रेकी के बाद ‘सर्जिकल स्ट्राइक’
सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग की टीम पिछले छह महीनों से मोहम्मद कलीम की संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों और बड़े लेन-देन पर गुपचुप तरीके से नजर रख रही थी। पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद, शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे 36 गाड़ियों के काफिले के साथ 150 से अधिक जवानों ने एक साथ कलीम के आवास और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर दबिश दी। इस हाई-प्रोफाइल ऑपरेशन का नेतृत्व डायरेक्टर स्तर की एक महिला अधिकारी कर रही हैं।
SSB के घेरे में शहर, CA के घर भी पहुँची टीम
जांच का दायरा सिर्फ कलीम तक सीमित नहीं है। टीम ने उनके रिश्तेदारों और करीबियों के ठिकानों, जिनमें चावल बाजार और परेवा स्थित इलाके शामिल हैं, वहां भी छापेमारी की है। सुरक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए अब स्थानीय पुलिस (BMP) की जगह अर्धसैनिक बल (SSB) के जवानों को तैनात किया गया है। यहाँ तक कि व्यवसायी के चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) के आश्रम रोड स्थित आवास पर भी दस्तावेजों की गहन तलाशी ली जा रही है।
2000 के नोट और जेवरात मिलने की चर्चा
विभागीय सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार, छापेमारी में अब तक भारी मात्रा में नकदी और सोने के जेवरात बरामद हुए हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जब्त किए गए कैश में 2000 रुपये के वे नोट भी शामिल हैं, जिन्हें चलन से बाहर किया जा चुका है। इसके अलावा जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े दर्जनों बेनामी दस्तावेज भी टीम के हाथ लगे हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर जब्ती की कुल राशि का खुलासा रेड खत्म होने के बाद ही किया जाएगा।
फिलहाल रक्सौल के बाजारों में सन्नाटा पसरा है और चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोग यह जानने को उत्सुक हैं कि 30 घंटे से अधिक समय तक चली इस कार्रवाई में कुल कितनी अवैध संपत्ति का खुलासा होता है।