जानीपुर हत्याकांड का खुलासा: प्रेम-विवाद में हुई थी भाई-बहन की हत्या, प्रेमी समेत दो गिरफ्तार

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
पटना के जानीपुर थाना क्षेत्र के नगवा गांव में भाई-बहन की जलाकर हत्या करने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस जघन्य वारदात के मुख्य आरोपी शुभम कुमार और उसके सहयोगी रोशन कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस दोहरी हत्या की मुख्य वजह प्रेम-विवाद था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी शुभम कुमार, जिसकी मृतका से दोस्ती थी, 31 जुलाई की रात को उससे मिलने उसके घर गया था। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही हिंसक रूप ले लिया। सूत्रों के अनुसार, शुभम को शक था कि मृतका किसी और लड़के से मिल रही थी, जिससे दोनों के बीच तनाव बढ़ गया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

आक्रोश में आकर शुभम ने पहले छोटे बच्चे की ईंट से सिर कुचल कर हत्या कर दी और फिर लड़की का गला दबाकर मार डाला। हत्या को छुपाने के लिए शुभम ने किरसान (केरोसिन) तेल छिड़क कर दोनों शवों में आग लगा दी। इस पूरे घटनाक्रम में उसके दोस्त रोशन कुमार ने साक्ष्य मिटाने में उसकी मदद की।

मामले की जांच के दौरान पुलिस को कुछ स्थानीय लोगों की ओर से भी बाधा का सामना करना पड़ा। पुलिस ने बताया कि कुछ लोग अपने निजी लाभ के लिए जांच में रुकावट डाल रहे थे और थाना प्रभारी को भी निशाना बनाने की कोशिश की गई। पुलिस ने रोड जाम करने और जांच में बाधा डालने के आरोप में स्थानीय विधायक गोपाल रविदास और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने कहा है कि अब तक की जांच में यह स्पष्ट हो चुका है कि यह हत्या प्रेम-विवाद का ही नतीजा थी।

Share This Article