सिटी पोस्ट लाइव
जमुई। जिले में प्रशासनिक भवनों के नजदीक ही शराब बिक्री का खुलासा हुआ है। डीएम आवास से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित एक किराना दुकान में अवैध शराब बेची जा रही थी। पुलिस ने छापेमारी कर वहां से 107 लीटर विदेशी शराब बरामद की और दो लोगों को गिरफ्तार किया है। यह घटना स्टेशन रोड पर बसंत बहार मिठाई दुकान के पास स्थित बाबा किराना स्टोर की है। पुलिस के अनुसार, इस दुकान में शराब और बीयर के कैन बड़ी मात्रा में रखे गए थे, जिनकी अनुमानित कीमत एक लाख रुपये से अधिक है।

जमुई टाउन थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बसंत बहार के पास शराब की खेप पहुंचने वाली है। इसी आधार पर एसआई अभिमन्यु ने पुलिस टीम के साथ वहां छापेमारी की। छानबीन के दौरान पुलिस ने देखा कि शराब की खेप बाबा किराना स्टोर में रखी जा रही थी। तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सभी बोतलें जब्त कर लीं और दुकान के संचालक पुरुषोत्तम मिश्रा और रविरंजन मिश्रा को हिरासत में ले लिया।
इस मामले में जमुई टाउन थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है। बिहार में लागू शराबबंदी के बावजूद वीवीआईपी क्षेत्र में शराब बिक्री का यह मामला कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।