सिटी पोस्ट लाइव
पटना: पटना जंक्शन पर बीती रात हालात बेकाबू हो गए, जिसके बाद राज पुलिस मुख्यालय ने पूरे बिहार के सभी थानों को अलर्ट पर रखा है। खासतौर पर महाकुंभ के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे पुलिस को तत्काल सहायता देने के निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि अगर रेलवे पुलिस को भीड़ नियंत्रण के लिए सहायता की जरूरत पड़ती है, तो जंक्शन से लगे सभी थाने बिना किसी देरी और तर्क के मदद करें। इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती का भी आदेश दिया गया है, जिससे पटना जंक्शन समेत अन्य बड़े स्टेशनों पर स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
कल रात पटना जंक्शन पर अत्यधिक भीड़ के कारण हालात बिगड़ गए थे, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात इस कदर बेकाबू हो गए कि पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। इस घटना के बाद राज पुलिस मुख्यालय ने तत्काल एक्शन लेते हुए सभी थानों को अलर्ट कर दिया। राज पुलिस मुख्यालय ने स्टेशन से सटे सभी थानों को सतर्क रहने और रेलवे पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। महाकुंभ के दौरान उमड़ने वाली अपूर्व भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है ताकि यात्रियों को असुविधा न हो और कानून-व्यवस्था बनी रहे।