आरा में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, ससुरालवालों पर हत्या का आरोप

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र अंतर्गत सकड्डी गांव में एक 26 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान सकड्डी गांव निवासी कमेन्द्र यादव की पत्नी सीता देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद पीड़िता के मायके पक्ष में कोहराम मच गया है, जबकि ससुराल के अधिकांश सदस्य फरार बताए जा रहे हैं।

घटना बुधवार सुबह की है। सीता देवी का शव उसके ससुराल में पलंग पर संदिग्ध अवस्था में मिला, जबकि गले और गर्दन के पास नीले और काले निशान पाए गए हैं, जिससे परिजन यह मान रहे हैं कि उसे पहले पीटा गया और फिर फांसी लगाकर हत्या कर दी गई। मृतका के ममेरे भाई रोहित कुमार ने बताया कि वर्ष 2021 में सीता और कमेन्द्र की प्रेम विवाह हुई थी। लेकिन शादी के एक साल बाद से ही ससुरालवाले दहेज में बुलेट बाइक और नकद पैसे की मांग करने लगे। परिजनों ने पहले ही करीब 1 लाख रुपये दिए थे, परंतु फिर भी प्रताड़ना बंद नहीं हुई।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

मंगलवार दोपहर सीता देवी ने अपने भाई अरुण को पंजाब में कॉल कर बताया कि ससुराल में उसके साथ मारपीट की गई है। बात करने के बाद सीता का कोई संपर्क नहीं हुआ। बुधवार सुबह परिजनों को सूचना मिली कि उसकी हालत गंभीर है, लेकिन जब वे गांव पहुंचे, तो वह मृत अवस्था में पलंग पर पाई गई।

स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद कोईलवर थाना की टीम ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, आरा भेज दिया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और हत्या व दहेज प्रताड़ना की धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

Share This Article