सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के मुंगेर जिले से एक ऐसा रूहानी कत्ल का मामला सामने आया है जिसने रिश्तों की पवित्रता और इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक गाँव में 16 वर्षीय छात्रा की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच और परिजनों के आरोपों के मुताबिक, इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाली कोई बाहरी शख्स नहीं, बल्कि रिश्ते में मृतका की 24 वर्षीय बुआ ही है।
रुद्राक्ष की माला बनी मौत का फंदा
मृतका इस वर्ष 10वीं की बोर्ड परीक्षा देने वाली थी और अपने सुनहरे भविष्य की तैयारी में जुटी थी। पुलिस को दिए गए आवेदन में मृतका के पिता ने जो खुलासे किए हैं, वे रोंगटे खड़े कर देने वाले हैं। आरोप है कि 24 जनवरी की शाम आरोपी युवती उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई। वहां उसने किशोरी पर समलैंगिक संबंध बनाने का दबाव डाला। जब छात्रा ने इस अनैतिक मांग का कड़ा विरोध किया, तो आरोपी बुआ ने गुस्से में आकर छात्रा के गले में पहनी रुद्राक्ष की माला से ही उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पैसों का लालच देकर शोषण का आरोप
मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवती लंबे समय से इलाके की किशोरियों और लड़कियों को आर्थिक मदद और पैसों का झांसा देकर अपने जाल में फंसाती थी। वह लड़कियों की मजबूरी का फायदा उठाकर उनके साथ अप्राकृतिक कृत्य (Unnatural Acts) करती थी। परिजनों का दावा है कि उनकी बेटी भी इसी मानसिक विकृति और सनक की भेंट चढ़ गई।
पुलिस की कार्रवाई और एफएसएल जांच
मुंगेर के सदर एसडीपीओ कुमार अभिषेक ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्वयं घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पिता के बयान के आधार पर हत्या और प्रताड़ना की गंभीर धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। जांच को वैज्ञानिक दिशा देने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए हैं, वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि रिपोर्ट के जरिए मौत के सटीक समय और घटना के दौरान हुए संघर्ष की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
इस घटना के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल है। पुलिस फिलहाल आरोपी युवती की भूमिका और लगाए गए आरोपों की गहनता से तफ्तीश कर रही है। समाज में रक्षक मानी जाने वाली ‘बुआ’ के इस कथित क्रूर अवतार ने सबको स्तब्ध कर दिया है।