नया भोजपुर में बड़ी कार्रवाई: शराब से लदी कार जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

डुमरांव: नया भोजपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए शराब की खेप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक चारपहिया वाहन भी जब्त किया, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी। गिरफ्तार किए गए दोनों तस्कर पटना के रहने वाले हैं। एसडीपीओ अफाक अख्तर अंसारी ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि यूपी के बेयासी से शराब की खेप तस्करी कर नया भोजपुर के रास्ते ले जाई जा रही है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए गजरांव मोड़ के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पुलिस को देख भाग रहे थे तस्कर, गिरफ्तार

वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने वेस्ट बंगाल नंबर प्लेट की एक संदिग्ध कार को आते देखा। पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन घुमाकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों तस्करों को मौके पर ही पकड़ लिया। जब कार की तलाशी ली गई, तो डिग्गी में 14 पेटियों में कुल 672 टेट्रा पैक एट पीएम शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 120.96 लीटर थी। गिरफ्तार तस्करों की पहचान पटना के रमना रोड निवासी आजाद (पिता उस्मान) और बहादुर बाजार समिति रोड निवासी प्रदीप कुमार (पिता दयानंद) के रूप में हुई है।

दोनों उत्तर प्रदेश के जवही से शराब लेकर पटना जा रहे थे, जहां इन्हें किसी तीसरे व्यक्ति को डिलीवरी देनी थी। फिलहाल पुलिस तस्करों के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड की जांच कर रही है, ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके। पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल की गई कार को जब्त कर लिया है और दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। प्रशासन इस नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए सख्त कार्रवाई कर रहा है।

Share This Article