सिटी पोस्ट लाइव
मोतिहारी पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने नशा तस्करों के खिलाफ एक अहम कार्रवाई को अंजाम देते हुए ड्रग्स के काले कारोबार पर करारा प्रहार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने करीब 1.073 किलोग्राम अफीम बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
यह संयुक्त ऑपरेशन ढाका थाना क्षेत्र के बाबा मस्तराम कॉलेज के पास एक पेट्रोल पंप के नजदीक चलाया गया। जानकारी मिली थी कि तस्कर नेपाल सीमा से अफीम की खेप लेकर भारत में प्रवेश कर रहे हैं और इसे ज्वेलरी के डिब्बों में छिपाकर ले जाया जा रहा है। इसी आधार पर पुलिस ने रणनीतिक जाल बिछाया और घेराबंदी कर दी।
छापेमारी के दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोका गया। तलाशी लेने पर पुलिस को ज्वेलरी के डिब्बों में छुपाई गई अफीम मिली। इस दौरान मौके से चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस को नेपाल से जुड़े एक अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के सुराग मिले हैं।
इस कार्रवाई को एसपी स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में चलाए जा रहे “सूखा नशा मुक्त अभियान” के तहत अंजाम दिया गया। एसपी ने कहा कि मोतिहारी को ड्रग्स से मुक्त करने के लिए पुलिस लगातार सतर्क है और इस तरह की कार्रवाइयों में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। इस ऑपरेशन की सफलता से न सिर्फ एक बड़ा नेटवर्क उजागर हुआ है, बल्कि सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय ड्रग माफियाओं के लिए एक कड़ा संदेश भी गया है।