पटना पुलिस का ‘सुपर’ एक्शन: 24 घंटे में मौत के चंगुल से छूटे डॉक्टर, 70 लाख की फिरौती का प्लान फेल…

Ritu Raj

पटना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए फुलवारी शरीफ के जानीपुर इलाके से अपहृत डॉक्टर सर्वेश कुमार तिवारी को मात्र 24 घंटों के अंदर समस्तीपुर जिले से सुरक्षित बचा लिया है। साथ ही इस अपहरण कांड में शामिल तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

मामला 10 फरवरी 2026 का है, जब डॉ. सर्वेश कुमार तिवारी शाम के समय आर्यभट्ट इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पारा मेडिकल कॉलेज, रामपुर से अपने राजीवनगर स्थित घर की ओर जा रहे थे। रास्ते में ही अपराधियों ने उनका अपहरण कर लिया और परिजनों से 70 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। फिरौती न चुकाने पर हत्या की धमकी भी दी गई। परिजनों ने तुरंत जानीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। सिटी एसपी (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह के निर्देशन में मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फुलवारी शरीफ-02 और जानीपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी जांच, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और गुप्त सूचनाओं के आधार पर तेजी से कार्रवाई की।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

नतीजा यह निकला कि अपहृत डॉक्टर को समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र के मकसूदपुर गांव से सकुशल रेस्क्यू कर लिया गया। इस दौरान समस्तीपुर के रहने वाले रविंद्र प्रसाद, राकेश कुमार और मनीष कुमार नामक तीन अपहरणकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ से पता चला है कि यह अपहरण किसी मनोज नामक व्यक्ति और डॉ. तिवारी के बीच नौकरी दिलाने व परीक्षा पास कराने के नाम पर हुए 70 लाख रुपये के लेन-देन विवाद के कारण हुआ। विवाद बढ़ने पर मनोज ने समस्तीपुर के इन अपराधियों को सुपारी देकर अपहरण की साजिश रची। मुख्य आरोपी मनोज अभी फरार है, जबकि पुलिस अन्य संलिप्त लोगों की तलाश और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।

Share This Article