सिटी पोस्ट लाइव
बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार ने हाल ही में अपने फिल्मी करियर के सबसे मजेदार मोमेंट्स में से एक को अपने फैंस के साथ शेयर किया। अक्षय कुमार ने अपनी हालिया रिलीज़ ‘हाउसफुल 5’ के बारे में सच्ची और ईमानदार समीक्षाएं जानने के लिए एक बेहद अनोखा तरीका अपनाया—वह खुद को मास्क में छुपाकर मुंबई की सड़कों पर निकल पड़े।
अक्षय का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह बांद्रा के एक थियेटर के बाहर फिल्म देखने के बाद निकल रहे दर्शकों से सीधे सवाल पूछते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने अपनी पहचान छुपाते हुए एक “किलर” मास्क पहना था और हाथ में माइक लेकर फिल्म के दर्शकों से ‘हाउसफुल 5’ के बारे में उनकी राय जानने की कोशिश की। इस वीडियो में अक्षय को दर्शकों से फिल्म के बारे में सवाल करते हुए देखा गया। एक फैन ने फिल्म को “सेक्सी” बताया, जबकि कुछ और दर्शकों ने इसे “मज़ेदार” और “संपूर्ण मनोरंजन” करार दिया।
वीडियो शेयर करते हुए अक्षय ने मजाकिया अंदाज में बताया कि वह इतनी देर तक लोगों से बात करने के बाद पहचान में आ सकते थे, इसीलिए उन्हें जल्दी भागना पड़ा। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, “बस यूं ही मैंने सोचा आज ‘हाउसफुल 5’ के शो के बाहर लोगों से सच्ची राय जानने के लिए किलर मास्क पहन कर इंटरव्यू लूंगा। पकड़ा जाने वाला था लेकिन भाग गया उससे पहले।”
वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा का एक और केंद्र बन गया। टाइगर श्रॉफ ने इस मजेदार वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, “हाहा, क्रेज़ी पाजी!” और फैंस ने भी अक्षय के इस अंदाज को खूब सराहा। कई फैंस ने कहा कि अगर किसी को ऐसा कुछ करने का हौसला है, तो वह सिर्फ अक्षय कुमार ही कर सकते हैं। बता दें, फिल्म ‘हाउसफुल 5’ ने रिलीज के दो दिन में ₹50 करोड़ का कारोबार किया है और बॉक्स ऑफिस पर सफलता की नई ऊंचाईयों को छुआ है।