सिटी पोस्ट लाइव
मोकामा: मोकामा में अनंत सिंह और सोनू मोनू के बीच गैंगवार मामले में अपर पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने ढोल, बाजे और नगाड़े के साथ आरोपियों के घरों पर इश्तेहार चिपकाए। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस को विरोध का सामना करना पड़ा। सबसे पहले, जैसे ही पुलिस मोनू सिंह के घर पहुंची, मोनू की बहन नेहा कुमारी ने कहा,”यह जमीन मेरे दादा द्वारा दान में दी गई थी, जिस पर सोनू मोनू का कोई अधिकार नहीं है, और घर भी मैंने खुद बनवाया है।” इसी तरह गौतम सिंह और सौरभ सिंह के घरों पर भी पुलिस को विरोध झेलना पड़ा।
अपर पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा,”यह हथकंडे अपराधी और उनके परिजन अक्सर अपनाते हैं ताकि वे खुद को कुर्की की कार्रवाई से बचा सकें। लेकिन हमने हर उस जगह पर इश्तेहार लगाए हैं जो तकनीकी अनुसंधान और साक्ष्य के आधार पर सही पाए गए हैं। यदि आरोपियों ने आत्मसमर्पण नहीं किया, तो उनके घरों की कुर्की की जाएगी।”
इस मामले में अनंत सिंह और सोनू मोनू दोनों ने FIR दर्ज करवाई थी, जबकि पुलिस ने कुल चार FIR दर्ज किए हैं। अनंत सिंह और सोनू सिंह आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जबकि मोनू सिंह, गौतम सिंह, सौरभ सिंह, और कन्हैया सिंह ने अभी तक आत्मसमर्पण नहीं किया है। आज पुलिस ने इनके घरों पर इश्तेहार चिपकाए और उन्हें आत्मसमर्पण का आखिरी मौका दिया है।
बाढ़ के ASP राकेश कुमार ने कहा कि,”हमने सभी जगह इश्तेहार चिपकाए हैं। अगर आरोपी आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो हम उनके घरों की कुर्की करेंगे।” सोनू मोनू की बहन नेहा कुमारी ने कहा कि,”यह जमीन हमारे दादा से हमें मिली है, सोनू मोनू का इस पर कोई हक नहीं है।” जबकि ग्रामीण और अन्य आरोपियों के परिजन का कहना है कि,”पुलिस की यह कार्रवाई गलत है, हम इसका विरोध करते है।”