सिटी पोस्ट लाइव
जमुई जिले के झाझा प्रखंड के बलियाडीह गांव की सोनाली देवी ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उन पर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा है और मारपीट की गई है। 25 मई की रात देवर कन्हैया दास और पंचू दास ने उन्हें डायन कहकर लाठी-डंडों से पीटा और जान से मारने की धमकी दी।
सोनाली देवी ने बताया कि वह अपने हिस्से की जमीन पर मकान बनाकर रहती हैं, जबकि उनके पति कोलकाता में नौकरी करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुर तारनी दास, सास सुरुती देवी और देवर कन्हैया दास करीब दो साल पहले ईसाई धर्म अपना चुके हैं और अब उन पर भी धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाल रहे हैं। जब उन्होंने इनकार किया तो उनके साथ मारपीट की गई और घर से निकालने की कोशिश की गई। धमकी दी गई कि जब तक वे धर्म परिवर्तन नहीं करेंगी, उन्हें जमीन का हिस्सा नहीं मिलेगा।
पीड़िता ने यह भी बताया कि उन्हें डायन बताकर जबरन ओझा के पास बाल कटवाए गए और हिंदू देवी-देवताओं की पूजा करने पर दुर्व्यवहार किया जाता है। वह दो बार झाझा थाना गईं, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। पंचायत स्तर पर समझौता भी कराया गया, लेकिन ससुराल पक्ष ने माना नहीं।
अब सोनाली देवी अपने पति सहदेव दास के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग कर रही हैं। झाझा थाना प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है।