सिटी पोस्ट लाइव
पटना: बेऊर जेल में आज सुबह एक बड़ी छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और जिला प्रशासन की टीम ने भारी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ इस छापेमारी को अंजाम दिया। सूत्रों के मुताबिक, कुछ इनपुट मिलने के बाद यह छापेमारी की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस समय छापेमारी जारी है और पूरी स्थिति की बारीकी से जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि अभी छापेमारी के दौरान कोई समान बरामद नहीं हुआ हैॆ। इस छापेमारी के दौरान एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ लोग खड़े नजर आ रहे थे और जेल के अंदर कुछ सामान रखा हुआ दिख रहा था। यह वीडियो मोबाइल से वायरल किया गया था, जिसकी जांच अब पुलिस द्वारा की जा रही है। अधिकारी यह स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं कि वीडियो जेल का है या बाहर का। इस छापेमारी के साथ ही प्रशासन ने बेऊर जेल की सुरक्षा को लेकर गंभीरता बढ़ा दी हैं।
एसपी वेस्ट, एस. सरथ ने बताया कि इस मामले की पूरी जांच की जा रही है और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए हर कदम उठाया जाएगा। बेऊर जेल में इस घटनाक्रम के बाद से पूरे राज्य में इस छापेमारी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि आखिर इस छापेमारी के पीछे की असल वजह क्या है और क्या यह जेल के अंदर कुछ बड़े मामलों का पर्दाफाश करेगा!