पटना के बिहटा थाना क्षेत्र में बालू लदे ट्रक के ड्राइवर ने कानून को चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। बेखौफ ड्राइवर ने दानापुर DSP-2 अमरेंद्र कुमार झा की सरकारी गाड़ी पर ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया। इस हमले में अधिकारी बाल-बाल बचे, लेकिन गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई है।
DSP पर हमले की पूरी कहानी;
उसी समय दानापुर DSP-2 अमरेंद्र कुमार झा अपनी सरकारी गाड़ी से बिहटा की ओर आ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भाग रहे ट्रक ड्राइवर ने सामने से आ रही DSP की गाड़ी को देखते हुए भी रफ्तार कम नहीं की। पुलिस को चकमा देने और पकड़े जाने के डर से ड्राइवर ने ट्रक सीधे DSP की गाड़ी की तरफ मोड़ दिया और उसे रौंदने की कोशिश की। घटना के वक्त अमरेंद्र कुमार झा गाड़ी के भीतर ही मौजूद थे। गनीमत रही कि ट्रक का पहिया गाड़ी के एक हिस्से को ही अपनी चपेट में ले पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और अधिकारी सुरक्षित बच गए।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई;
घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही आसपास के कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भाग रहे ट्रक ड्राइवर को खदेड़कर दबोच लिया गया। बालू लदे ट्रक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या यह सिर्फ भागने की कोशिश थी या जानबूझकर पुलिस अधिकारी को निशाना बनाने की साजिश।
क्षेत्र में तनाव और सघन चेकिंग;
इस घटना ने एक बार फिर पटना के सीमावर्ती इलाकों में बालू माफिया और बेलगाम ट्रक ड्राइवरों के आतंक को उजागर कर दिया है। बिहटा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अब अवैध बालू ढुलाई और ओवरस्पीडिंग के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। “एक बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद ड्राइवर ट्रक लेकर भाग रहा था, इसी क्रम में उसने हमारी गाड़ी में भी टक्कर मारी। फिलहाल ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की छानबीन जारी है।” — अमरेंद्र कुमार झा, DSP-2, दानापुर