सिटी पोस्ट लाइव
भारत-नेपाल सीमा पर तैनात 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने एक बार फिर अपनी सतर्कता और मुस्तैदी का परिचय देते हुए अंतरराष्ट्रीय तस्करी को रोकने में सफलता हासिल की है। जानकीनगर सीमा चौकी के जवानों ने रात 8 बजे एक विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया और कोकीन एवं गांजा जैसी नशीली सामग्री बरामद की।
यह कार्रवाई सीमा स्तंभ संख्या 276/4 से लगभग 3.16 किलोमीटर भारत की ओर, मधुबनी जिले के जानकीनगर क्षेत्र में की गई। पूरी कार्रवाई उप कमांडेंट विवेक ओझा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अंजाम दी गई, जिसमें सी समवाय के जवानों ने तेजी से कार्रवाई की।
भारत-नेपाल पर 14.65 ग्राम कोकीन और 3.57 ग्राम गांजा जब्त की गयी जिसे सीमा के पार भारत में अपराधी तस्करी कर रहे थे । जिसे सशस्त्र सिमा बल ने जब्त कर बिफल कर दिया और तस्करो को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान: सुमित कुमार राय (26 वर्ष) – पिता नागे राय, कैलाश कुमार यादव (17 वर्ष) – पिता रणवीर यादव, रौनक कुमार सिंह (27 वर्ष) – पिता मनोज कुमार सिंह और लंबू कुमार (35 वर्ष) – पिता सुरेश कमत सभी निवासी – छतौनी, वार्ड 10 और 14, थाना बसोपट्टी, जिला मधुबनी। तस्करी में प्रयुक्त उपकरणों और बरामद नशीले पदार्थों के साथ चारों आरोपियों को बसोपट्टी थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई पर कमांडेंट गोविंद सिंह भंडारी ने टीम को बधाई देते हुए कहा, “एसएसबी भारत-नेपाल सीमा पर हर तरह की अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए संकल्पबद्ध है। हमारी टीम की सतर्कता ने कई बार ऐसे प्रयासों को विफल किया है, और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।” हाल के वर्षों में भारत-नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं और गैरकानूनी सामानों की तस्करी में बढ़ोतरी देखी गई है। ऐसे में एसएसबी द्वारा की गई यह कार्रवाई न केवल सराहनीय है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि सीमा की निगरानी और खुफिया नेटवर्क में लगातार सुधार हो रहा है।