तनिष्क शोरूम लूटकांड: पुलिस ने दो अपराधियों को किया गिरफ्तार, लाइनर और संरक्षण देने का आरोप

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

भोजपुर। बिहार के आरा में हुए तनिष्क शोरूम से 10 करोड़ की लूट मामले में पुलिस ने लाइनर और अपराधियों को आश्रय देने वाले दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। इस लूटकांड में अब तक कुल तीन अपराधियों को हिरासत में लिया जा चुका है, जबकि लूट में इस्तेमाल की गई एक कार भी पुलिस ने जब्त कर ली है। इससे पहले, सारण जिले के रहने वाले दो अपराधियों को घटना के कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने बड़हरा इलाके में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। उनके पास से लूटे गए दो झोले भरकर आभूषण भी बरामद किए गए थे।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान

भोजपुर एसपी ने शुक्रवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि गिरफ्तार आरोपियों में पहला सूरज सिंह (पिता – अजय सिंह, निवासी – परशुरामपुर, सिन्हा थाना) और दूसरा विशाल सिंह (पिता – अशोक सिंह, निवासी – उदयभानपुर, कृष्णागढ़ थाना) शामिल हैं। सूरज सिंह ने लूट से पहले अपराधियों को अपने घर में ठहराया था, वहीं विशाल और सूरज दोनों ने मिलकर लाइनर का काम किया था।

अपराधिक रिकॉर्ड और गिरफ्तारी

  • विशाल सिंह के खिलाफ पहले से 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें बंगाल में लूट और हत्या के आरोप शामिल हैं।
  • सूरज सिंह पर तीन मामले दर्ज हैं, और दोनों आरोपी इसी साल फरवरी में जेल से बाहर आए थे।
  • तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी की गई। विशाल को उसके घर से, जबकि सूरज को पटना से गिरफ्तार किया गया।
  • आरोपियों के मोबाइल डाटा की जांच में भी महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।

हालांकि, पुलिस को उनके घर से लूट के सामान की कोई बरामदगी नहीं हुई है, लेकिन दोनों ने अपराधियों को शरण देने और लाइनर का काम करने की बात स्वीकार की है। फरार अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश होने की उम्मीद है।

Share This Article