सिटी पोस्ट लाइव
जमुई : झाझा में बिहार पुलिस का जवान निकला बालू तस्कर, ट्रैक्टर जब्त होमगार्ड जवान खुद अवैध खनन में संलिप्त पाया गया। जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि बिहार पुलिस में तैनात होमगार्ड जवान खुद अवैध बालू खनन और परिवहन में संलिप्त पाया गया है। यही नहीं जिस ट्रैक्टर को जब्त किया गया है वो ट्रैक्टर भी इनकी पत्नी के नाम से रजिस्टर्ड है। झाझा थाना प्रभारी संजय कुमार से इस बाबत पूछा गया तो उन्होंने बताया कि कैलाश यादव नामक होमगार्ड जवान के अवैध बालू खनन व्यापार से जुड़ी सूचना मिल रही थी। जिसके बाद झाझा पुलिस ने कारवाई करते हुए बलियो घाट से एक अवैध बालू लदा ट्रैक्टर जब्त किया है।

बताया यह भी जा रहा है कि यह होमगार्ड जवान बीते कुछ दिनों से छुट्टी पर था और इसी बीच बालू के अवैध कारोबार में शामिल होने की सूचना पुलिस को मिली थी। जिसके बाद झाझा थाना ने कारवाई करते हुए इस बालू तस्कर का भांडा फोड़ किया और ट्रैक्टर को जब्त कर थाने ले आई। जब्त ट्रैक्टर का नंबर BR 46G 8348 है और यह ट्रैक्टर पार्वती देवी के नाम पर रजिस्टर्ड है। अब बड़ा सवाल यह पैदा होता है कि पुलिस के नाक के नीचे से यह खेल हो रहा है और पुलिस के बड़े अधिकारियों तक को इसकी भनक नहीं लगी। ऐसे में जमुई पुलिस की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा होता है।