सिटी पोस्ट लाइव
बक्सर। राजपुर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी का सामान, एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। इस बारे में पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने मंगलवार को प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी दी।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सैथूआ गांव के रहने वाले कल्लू कुमार (पिता छठू राजभर), राधेकृष्ण कुमार (पिता सर्वजीत राजभर), अशोक कुमार (पिता शैलेश राजभर) और सरोज कुमार (पिता कमलेश राम) शामिल हैं। चारों आरोपी सैथूआ गांव के ही निवासी हैं।
एसपी ने बताया कि 25 जनवरी की रात तियरा गांव में रामजी राम के पोल्ट्री फार्म से चोरों ने समरसेबल मोटर, बिजली के तार, पंखा और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था। पीड़ित ने 26 जनवरी को राजपुर थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर डीएसपी धीरज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
जांच टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा की और तकनीकी जांच के आधार पर सैथूआ गांव के कुछ संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चोरी गया सामान भी बरामद किया गया है। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।