स्कूल तो गईं पर घर नहीं लौटीं: सोनाक्षी और जिया के गायब होने के 12 दिन, SIT के हाथ अब भी खाली…

Ritu Raj

बिहार में बेटियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। एक तरफ पटना में NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा की संदिग्ध मौत ने पूरे राज्य में आक्रोश फैला दिया है, वहीं दूसरी ओर भागलपुर में दो नाबालिग छात्राओं सोनाक्षी कुमारी और जिया कुमारी के 8 जनवरी से लापता होने का मामला अब 12 दिनों से अधिक पुराना हो चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।

भागलपुर के बबरगंज थाना क्षेत्र के वारसलीगंज और अलीगंज महेशपुर की रहने वाली ये दोनों 10वीं कक्षा की छात्राएं एडमिट कार्ड लेने के बहाने सरयू देवी मोहनलाल इंटर बालिका उच्च विद्यालय गई थीं। सीसीटीवी फुटेज में दोनों स्कूल में प्रवेश करते दिखी हैं, लेकिन बाहर निकलने का कोई रिकॉर्ड नहीं है। जांच इसी बिंदु पर अटकी हुई है कि स्कूल पहुंचने के बाद वे कहां गायब हो गईं? पुलिस ने शुरुआत में देरी की, लेकिन मीडिया में खबर आने के बाद एसएसपी ने गंभीरता से लिया और जांच तेज कर दी। अब डीएसपी सिटी-2 राकेश कुमार के नेतृत्व में SIT (विशेष जांच दल) गठित किया गया है। छह अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं, जिनमें डीआईयू टीम भी शामिल है। स्कूल कैंपस, आसपास के इलाके, पीछे की गलियां और दुकानों के सीसीटीवी की जांच की जा रही है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

मामला ह्यूमन ट्रैफिकिंग के एंगल से भी देखा जा रहा है। पुलिस सितंबर 2025 में अपहरण के बाद बरामद हुई एक अन्य छात्रा से पूछताछ कर रही है, ताकि दोनों मामलों में कोई कनेक्शन सामने आ सके। साथ ही, सोनाक्षी के घर से मिले दो संदिग्ध प्रेम-पत्र (लव लेटर) पर भी जांच चल रही है, जिन्हें परिजन साजिश करार दे रहे हैं और कह रहे हैं कि ये न तो सोनाक्षी की लिखावट है, न जिया की। एक महत्वपूर्ण मोड़ ये है कि दोनों छात्राओं को स्कूल ले जाने वाली सहेली सुहाना कुमारी पर संदेह है। उससे लंबी पूछताछ की गई है और कुछ रिपोर्ट्स में उसे हिरासत में लिए जाने की बात भी कही गई है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने शुरुआत में लापरवाही बरती और उन्हें धमकाया भी गया। वे मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं और बेटियों की सकुशल वापसी की गुहार लगा रहे हैं। हालांकि, यह घटना पटना की NEET छात्रा मौत केस के साथ मिलकर बिहार में लड़कियों की सुरक्षा पर बड़ा सवालिया निशान लगा रही है। दोनों मामलों में जांच एजेंसियां सक्रिय हैं, लेकिन परिजनों और समाज में आक्रोश और चिंता बढ़ती जा रही है। उम्मीद है कि जल्द ही दोनों छात्राओं का सुराग मिले और दोषियों को सजा मिले।

Share This Article