सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के जमुई जिले में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा खैरा थाना क्षेत्र के हरदिमोह गांव के पास खैरा-सोनो मुख्य मार्ग पर तड़के करीब 2 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, सोनेल डहुआ गांव के चंदन मांझी का पुत्र ऋषि कुमार (10 वर्ष ) और जोधन मांझी का पुत्र गल्लू कुमार (10 वर्ष) हादसे में मौके पर ही दम तोड़ बैठे। वहीं, गौतम मांझी (12 वर्ष ), दीपक कुमार (11 वर्ष ) और मोदी कुमार (12 वर्ष ) को गंभीर हालत में पटना के पीएमसीएच अस्पताल में रेफर किया गया है।
हादसा उस वक्त हुआ जब सभी बच्चे संतोष मांझी के पुत्र चूटर मांझी की शादी से बारात लौट रहे थे। रास्ते में तेज आंधी और तूफान के चलते एक पेड़ गिर गया था, जिससे ऑटो चालक को वाहन रोकना पड़ा। उसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वैन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
घायलों को पहले जमुई सदर अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान दो बच्चों की मौत हो गई। खैरा थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पिकअप वाहन की पहचान की कोशिशें की जा रही हैं।