सिटी पोस्ट लाइव
बिक्रमगंज-नासरीगंज एनएच-120 पर इटवां बाल के समीप रविवार को एक अनियंत्रित बस ने बाईपास के दौरान बाइक सवार परिवार को रौंद दिया। इस दिल दहला देने वाले हादसे में पति-पत्नी और दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान : मृतकों की पहचान रमेश कुमार साह (35 वर्ष), पत्नी कंचन देवी (33 वर्ष), बेटी आराधना कुमारी (7 वर्ष) और बेटे आर्यन कुमार (3 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी दिनारा थाना क्षेत्र के लडूंई गांव के निवासी थे और ससुराल करूप नगर जा रहे थे।
बाइक पर सवार पूरा परिवार लडूंई से करूप नगर जा रहा था। इटवां बाल के पास एनएच-120 पर एक तेज रफ्तार बस ने ओवरटेक करते समय जोरदार टक्कर मारी। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल आर्यन को इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।
दर्दनाक हादसे से आक्रोशित करूप नगर के ग्रामीणों ने घटना स्थल पर सड़क को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जाम हटाने की कोशिश की, लेकिन गुस्से में डूबे लोगों ने पुलिस की बात नहीं मानी। बाद में काराकाट विधायक अरुण कुमार सिंह के पहुंचने और कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद जाम समाप्त किया गया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया है और फरार बस चालक की तलाश की जा रही है। दुर्घटनास्थल की जांच जारी है।