सिटी पोस्ट लाइव
सहरसा। सहरसा जिले के सोनवर्षा कचहरी थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव वार्ड 14 में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी के दौरान एक देशी पिस्टल और एक मैगजीन बरामद की।
सदर एसडीपीओ ने दी जानकारी
मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे सदर थाना परिसर में प्रेस वार्ता के दौरान सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक अपने घर में अवैध हथियार के साथ मौजूद है।

कर रहा था भागने की कोशिश, पुलिस के हत्थे चढ़ा
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत एक्शन लिया और युवक के घर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पीछा कर पकड़ लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान हरिपुर गांव वार्ड 14 निवासी अमोल सिंह के पुत्र हरिओम कुमार के रूप में हुई है।
हथियार बरामद, जांच में जुटी पुलिस
युवक से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली, जहां से एक देशी पिस्टल और एक मैगजीन बरामद हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।