सिटी पोस्ट लाइव : भारत पाकिस्तान के बीच बॉर्डर पर हालात सामान्य नहीं हैं. ऐसे में बिहार पुलिस भी अलर्ट मोड पर है. पुलिस मुख्यालय ने आम जनता के लिए अहम आदेश जारी किया है. बिहार पुलिस ने वैवाहिक और अन्य आयोजनों में ऊंची आवाज में संगीत बजाने और पटाखों पर पूर्णतः रोक लगाने का आदेश जारी किया है. एडीजी लॉ एंड ऑर्डर पंकज दराद ने यह आदेश सभी जिलों के एसपी और रेल एसपी को जारी किया है. अभी राज्य में लग्न के कारण वैवाहिक समारोहों का आयोजन किया जा रहा है ऐसे में यह निर्देश आम जनता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है.
नियमानुसार रात में 10:00 बजे के बाद ऊंची आवाज में संगीत बजाने पर रोक है, लेकिन वैवाहिक समारोहों और अन्य आयोजनों में लोग उल्लास में पटाखे भी छोड़ते हैं. लेकिन, बिहार पुलिस के नये आदेश पत्र में कहा गया है कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुई आतंकी घटना के बाद भारत पाकिस्तान सीमा पर सामरिक स्थिति उत्पन्न हो गई है. इसके चलते पूरे देश में भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव की स्थिति को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है और ऊंची आवाज में संगीत बजाने पर रोक लगाई गई है.
बिहार पुलिस के आदेश में पत्र में कहा गया है कि भारत-पाकिस्तान सीमा की स्थिति के बाद देश में उत्पन्न स्थिति के मद्देनजर, राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में रात में तेज आवाज में संगीत बजाना और पटाखे जलाना प्रतिकूल है. इसका फायदा असामाजिक और देश विरोधी तत्व उठा सकते हैं. पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के एसपी को आम जनता से अपील करने का निर्देश दिया है कि सामान्य स्थिति में भी राष्ट्रहित में मद्धिम आवाज में ही संगीत बजाएं. पटाखों पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाया जाए. बिहार पुलिस ने यह भी कहा है कि इस निर्देश को अति आवश्यक समझें.