नालंदा में दिनदहाड़े युवक पर गोलीबारी, आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

नालंदा। जिले के भागन बीघा ओपी अंतर्गत मोरा तालाब गांव में दिनदहाड़े एक युवक को गोली मारने की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घायल युवक की पहचान 23 वर्षीय धर्मवीर कुमार, पुत्र मौली यादव के रूप में हुई है। परिवार और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को बिहारशरीफ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्रारंभिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पहली गोली बची, दूसरी हाथ में लगी

धर्मवीर कुमार ने बताया कि वह घर से निकलकर देवी स्थान के पास जा रहा था, तभी गांव के ही बुधन यादव ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली से वह किसी तरह बच गया, लेकिन दूसरी गोली सीधे उसके बाएं हाथ में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।

एफएसएल टीम जुटी साक्ष्य जुटाने में, आरोपी फरार

भागन बीघा ओपी प्रभारी शैलेश कुमार झा ने बताया कि आरोपी पड़ोसी है, जो वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं। हालांकि, हमले की असली वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन चर्चा है कि किसी विवाद को लेकर कहासुनी के बाद गाली-गलौज करने से मना करने पर यह घटना घटी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Share This Article