पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने नीट छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय की मांग करते हुए अब सीधे तौर पर अपनी सुरक्षा को लेकर बिहार पुलिस प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) और फेसबुक लाइव के जरिए उन्होंने पटना SSP पर गंभीर आरोप लगाते हुए सनसनी फैला दी है।

सांसद पप्पू यादव का दावा है कि उनकी सुरक्षा में जानबूझकर सेंध लगाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पटना SSP उनकी Y श्रेणी की सुरक्षा में तैनात बिहार मिलिट्री पुलिस (BMP) के जवानों को फोन कर वापस बुला रहे हैं। सांसद ने तीखा सवाल करते हुऐ कहा कि “SSP पटना चाहते हैं कि मैं लोगों की मदद के लिए बिहार न आऊं। मुझसे कैसी घृणा है? माफिया मुझसे परेशान हैं और SSP उनकी राह आसान कर रहे हैं।” पप्पू यादव ने छात्रा की मौत को महज एक घटना मानने से इनकार करते हुए पुलिस की थ्योरी पर सवाल उठाए हैं। वहीं, सांसद ने छात्रा का शैक्षणिक रिकॉर्ड सार्वजनिक करते हुए कहा कि उसे बदनाम किया जा रहा है। छात्रा के 10वीं में 84%, तो 12वीं में 64% और नीट (NEET) परीक्षा में 384 अंक आए थे।
गौरतलब है कि उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़िता के परिवार को दो बार धमकियां मिलीं, लेकिन पुलिस आरोपियों को बचाने में जुटी है। पप्पू यादव ने शंभू गर्ल्स हॉस्टल की मालकिन नीलू अग्रवाल और उनके बेटे अंशु अग्रवाल का नाम लेते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। इसके साथ ही पप्पू यादव का यह तेवर बताता है कि वे इस मामले को ठंडा नहीं होने देंगे। एक तरफ जहाँ वे अपनी जान को खतरा बता रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ वे बिहार में बढ़ते महिला अपराधों को लेकर सरकार को घेर रहे हैं। अब देखना यह है कि पटना पुलिस इन गंभीर आरोपों पर क्या सफाई देती है।