सिटी पोस्ट लाइव
भागलपुर। बिहार के भागलपुर में एक चौंकाने वाली घटना घटी, जब बचपन के दोस्त ने एक युवक को गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। आरोपी दोस्त ने युवक के माथे पर गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया, और पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मृतक युवक की शादी कुछ दिनों बाद होने वाली थी।
मृतक के परिवार के अनुसार, दोनों आपस में अच्छे दोस्त थे। वारदात वाले दिन वे छत पर बैठकर बातें कर रहे थे, तभी आरोपी ने अपने दोस्त को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान नीतीश के रूप में हुई है, जो सब्जी बेचकर अपना घर चलाता था। वहीं, गोली मारने वाला आरोपी उसका बचपन का दोस्त विवेक है। आरोप है कि जब नीतीश को उसके परिजन अस्पताल ले जा रहे थे, तो रास्ते में विवेक ने गाड़ी रोककर परिजनों से भी मारपीट की।

घटना के अनुसार, पीरपैंती के ईशिपुर थाना क्षेत्र के बड़ी कमलचक निवासी नीतीश सब्जी बेचकर अपना घर चलाता था और हाल ही में उसकी शादी होनी थी। घर पर उसकी शादी को लेकर चर्चा हो रही थी, लेकिन मंगलवार की शाम गोली लगने से उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन नीतीश अपने दोस्त विवेक कुमार के साथ घर की छत पर बैठा था। इसी दौरान उनके बीच कुछ विवाद हुआ और अचानक गोली की आवाज आई। जब नीतीश की मां सुनीता देवी और चाचा उमाशंकर रविदास ऊपर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि नीतीश खून से लथपथ गिरा हुआ था।
घटना के दौरान छत पर मौजूद बच्चे अभिजीत आनंद ने बताया कि गोली उसके पास से होते हुए नीतीश को लगी। नीतीश के चाचा उमाशंकर रविदास ने बताया कि देर शाम नीतीश और विवेक कुमार अपने दोस्तों के साथ छत पर बातचीत कर रहे थे, तभी गोली चलने की आवाज आई। जब उन्होंने देखा तो विवेक कुमार ने नीतीश को गोली मारी थी और वह गिर कर जमीन पर गिर पड़ा। बच्चे के चिल्लाने पर विवेक और उसके साथी वहां से भाग गए।
परिजन जब नीतीश को ऑटो से अस्पताल ले जा रहे थे, तो रास्ते में विवेक और उसके साथियों ने गाड़ी रोककर मारपीट की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मायागंज अस्पताल भेज दिया है। इस घटना के बाद परिवार के सदस्य गहरे सदमे में हैं।