सिटी पोस्ट लाइव
रोहतास। भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय गायक और अभिनेता पवन सिंह शुक्रवार को सासाराम में एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे। जैसे ही उनके आगमन की खबर फैली, प्रशंसकों का हुजूम कार्यक्रम स्थल पर उमड़ पड़ा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था, लेकिन पवन सिंह के पहुंचते ही माहौल पूरी तरह बेकाबू हो गया। स्थिति संभालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

कार्यक्रम के दौरान पवन सिंह ने एक प्रतिष्ठान के उद्घाटन के पश्चात अपने चाहने वालों को संबोधित किया। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा, “मैं कोई स्टार नहीं हूं, बल्कि माता-पिता, परिवार और पूरे भोजपुरिया समाज का आशीर्वाद हूं। आप सभी ने मुझे पवन सिंह बनाया है, और मैं हमेशा आपका ऋणी रहूंगा। आप लोग ही मेरे भगवान हैं।”
प्रशंसकों के लिए गाए सुपरहिट गाने
अपने प्रशंसकों का दिल जीतते हुए पवन सिंह ने चारों ओर हाथ हिलाकर अभिवादन किया और लोगों की मांग पर कई मशहूर गाने गुनगुनाए। उनके गीत “अंगनवा हिल क देलस, लहंगवा गिल क देलस” और “अरे सनेहिया लगा के बहुत बात नईखे, नजरिया चुरा के बहुत बात होला” सुनते ही दर्शक झूम उठे।

दीदार के लिए छतों पर चढ़े फैंस
भोजपुरी फिल्मों के इस पावर स्टार के प्रति बिहार के युवाओं में जबरदस्त दीवानगी देखने को मिली। प्रशंसकों ने पवन सिंह की एक झलक पाने के लिए कड़ी धूप में चार-पांच घंटे तक इंतजार किया। सड़कों पर हजारों की भीड़ उमड़ी, तो कई लोग इमारतों और छतों पर चढ़कर अपने चहेते स्टार को देखने के लिए बेताब नजर आए।

सड़क पर लगा जाम
पवन सिंह के आगमन के कारण पुरानी जीटी रोड पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। वहीं, फैंस के बीच सेल्फी लेने की होड़ मच गई, जिससे माहौल और अधिक रोमांचक हो गया। बिना किसी संदेह के, पवन सिंह का भोजपुरिया समाज में प्रभाव दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है, और उनकी लोकप्रियता नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।