सिटी पोस्ट लाइव
सरिया (गिरिडीह) । सरिया प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रखण्ड प्रशासन व डिस्ट्रिक हेल्थ केयर सोसायटी द्वारा संयुक्त रुप से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन प्रखण्ड विकास पदाधिकारी ललित नारायण तिवारी ने किया। इसमें सरिया प्रखण्ड के कर्मी व पंचायत प्रतिनिधियों तथा कई अन्य लोगों द्वारा रक्तदान किया गया। इस शिविर में कुल 56 यूनिट रक्त संग्रहित की गयी । कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरिया बीडिओ ने कहा कि रक्त दान महादान है,आपके रक्तदान से किसी का जीवन बच सकता है ,जरूरतमंद को रक्त दिया जाता है ।
इसलिए मनुष्य को अपने जीवन में रक्तदान अवश्य करना चाहिए। आमतौर पर यह भ्रांति है कि इससे कमजोरी आती है लेकिन ऐसा नहीं है,रक्तदान करने से मनुष्य को किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं होता है बल्कि जितना यूनिट लोग रक्तदान करते हैं कहीं उससे अधिक नया रक्त उनके शरीर में पुन: बन जाता है। दान किए गए रक्त से किसी जरूरतमंद एवं असहाय व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। प्रत्येक व्यक्ति को हर तीन माह की अंतराल में रक्तदान करना चाहिए ।
रक्तदान करने के बाद शरीर का विकास एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ता है । इस शिविर में किए गए रक्त संग्रह किसी ना किसी जरूरतमंद की जान बचाने का काम आयेगा। इस प्रकार के मानव सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों में लोगों को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की आवश्यकता है। मौके पर बीडीओ ललित नारायण तिवारी, बीपीआरओ संजय बर्णवाल, नाजीर तहसीन अंसारी, योगेंद्र पासवान समेत अन्य लोग उपस्थित रहे ।